सितंबर के मध्य से मज़दूरों की एक नई पीढ़ी बड़ी संख्या में सड़कों पर उतर रही है। यूरोप में और दुनिया के दूसरे हिस्सों में भी। हर जगह वही ग़ुस्सा है। हर जगह वही लड़ने का जज़्बा है। हर जगह उन कुर्बानियों और उस ग़रीबी भरे भविष्य के ख़िलाफ़ वही आक्रोश है जिसे तमाम सरकारें हम पर थोपना चाहती हैं। हर जगह यह एहसास मज़बूत हो रहा है कि हमारी ताक़त हमारी एकता में है।
बेल्जियम में लीज़ और ब्रसेल्स के युवा सड़कों पर उतर आए। ट्यूरिन में स्कूली छात्रों ने अपने स्कूलों पर कब्ज़ा कर लिया और नारा लगाया: "फ़्रांस की तरह संघर्ष करो!" रोम और नेपल्स में छात्रों ने एकजुटता के प्रदर्शन किए। जर्मनी में नई अनिवार्य सैन्य सेवा के ख़िलाफ़ हज़ारों युवा सड़कों पर उतरे। मैड्रिड में स्कूली छात्रों ने शिक्षकों की हड़ताल के समर्थन में प्रदर्शन किया। यूनान, चिली और अब कनाडा में भी छात्र लामबंद हो रहे हैं...
और यह ग़ुस्सा सिर्फ़ युवाओं तक सीमित नहीं है। स्पेन में एयरबस के मज़दूरों ने गर्मियों के दौरान तीन महीने तक हड़ताल की और अपनी आम सभाओं में ख़ुद तय किया कि संघर्ष कैसे आगे बढ़ाया जाए। 11 नवंबर को हर पीढ़ी के सैकड़ों हज़ार मज़दूर मैड्रिड और बार्सिलोना की सड़कों पर उमड़ पड़े। भारत में वसंत ऋतु के दौरान मज़दूरों ने अपने संघर्ष को एक कारख़ाने से दूसरे कारख़ाने तक फैलाने की कोशिश की।
यह एक ऐतिहासिक क्षण है। दुनिया भर में उभर रहे ये संघर्ष मज़दूर वर्ग, यानी हमारे वर्ग, की चेतना में आ रहे गहरे बदलाव की अभिव्यक्ति हैं। बैनरों पर लिखा है: "अरबों स्कूलों और अस्पतालों के लिए, बमों के लिए नहीं!", "पूँजीवाद सड़ चुका है, युवाओं का कोई भविष्य नहीं है।" आम सभाओं में लोग युद्ध, सैन्यवाद, हमारे लिए तैयार किए जा रहे भविष्य और यहाँ तक कि क्रांति पर भी चर्चा कर रहे हैं। 1968 में संघर्ष को पड़ोसी इटली तक पहुँचने में लगभग एक साल लगा था। आज कई देशों में एक साथ आंदोलन फूट रहे हैं। असुरक्षा और अस्थायित्व हर जगह फैल चुके हैं, और यह व्यवस्था जो अँधेरा भविष्य हमारे सामने रखती है, वह अब किसी से छिपा नहीं है।
फ़्रांस में युवाओं ने संघर्ष की बागडोर अपने हाथों में ली
आज फ़्रांस इस अंतरराष्ट्रीय प्रतिरोध लहर का केंद्र बन गया है। इसकी शुरुआत पेरिस के उपनगर के एक स्कूल से हुई, जहाँ शिक्षकों की भारी कमी थी। दो ही हफ़्तों में पूरे देश के एक हज़ार से ज़्यादा स्कूल इस आंदोलन की चपेट में आ गए। पुलिस के बर्बर हमलों का सामना कर रहे स्कूली छात्रों के समर्थन में विश्वविद्यालयों के छात्र भी मैदान में उतर आए। बहुत जल्दी दर्जनों विश्वविद्यालय आंदोलन में शामिल हो गए।
फ़्रांस के आंदोलन की असली ताक़त उसकी आम सभाओं में है। सभी के लिए खुली और सर्वाधिकार-संपन्न ये सभाएँ बहस करती हैं, मतदान करती हैं और सामूहिक निर्णय लेती हैं। 10 अक्टूबर को पहली राष्ट्रीय स्कूली छात्र आम सभा में 71 स्कूलों और 32 शहरों के 200 छात्र शामिल हुए। पेरिस, टूलूज़, ल्यों और बोर्डो के विश्वविद्यालयों में छात्रों ने संघर्ष का नेतृत्व अपने हाथ में ले लिया।
इन आम सभाओं में बार-बार यह बात सामने आई कि संघर्ष को केवल शिक्षा क्षेत्र तक सीमित नहीं रहने देना चाहिए। विश्वविद्यालयों में मज़दूरों तक संघर्ष को फैलाने का प्रस्ताव एक आम सभा से दूसरी आम सभा तक पहुँचता रहा। छात्रों ने पर्चे बाँटे, रेलवे स्टेशनों, अस्पतालों और डाक छँटाई केंद्रों में प्रतिनिधिमंडल भेजे। गार द्यु नॉर्द स्टेशन पर छात्रों ने मज़दूरों से अपने कार्यस्थलों पर सभाएँ आयोजित करने और युवाओं द्वारा आयोजित सभाओं के साथ जुड़ने की अपील की। साझा नारा बिल्कुल साफ़ था: असुरक्षा और अस्थायित्व के ख़िलाफ़ संघर्ष में हम सब साथ लड़ें, युवा और बुज़ुर्ग, छात्र, मज़दूर, बेरोज़गार और पेंशनभोगी।
5 नवंबर को 16 लाख लोग सड़कों पर उतरे। हर पीढ़ी, हर उम्र के लोग।
लेकिन केवल संख्या काफ़ी नहीं होती। छात्रों की ओर से एकजुटता बढ़ाने की वास्तविक कोशिशों के बावजूद अधिकांश मज़दूरों ने अभी तक संघर्ष को अपने हाथों में नहीं लिया है। जुलूसों में युवा बहस कर रहे थे, समन्वय बना रहे थे और दूसरों को साथ जोड़ने की कोशिश कर रहे थे। दूसरी ओर, कर्मचारी ट्रेड यूनियनों द्वारा घोषित इक्का-दुक्का कार्रवाई के दिनों का इंतज़ार करते हुए एक स्थान से दूसरे स्थान तक मार्च कर रहे थे। फिलहाल मज़दूर वर्ग इतनी ताक़त नहीं जुटा पाया है कि बड़ी संख्या में और सक्रिय रूप से आंदोलन में शामिल हो सके। न व्यापक हड़तालें हुई हैं, न कार्यस्थलों पर ऐसी आम सभाएँ बनी हैं जहाँ बहस हो, निर्णय लिए जाएँ और संघर्ष को संगठित किया जाए। और स्कूली छात्र तथा विश्वविद्यालयों के छात्र अकेले इस संघर्ष को हमेशा जारी नहीं रख सकते।
आम सभाएँ, हड़तालें और संघर्ष का विस्तार: मज़दूर वर्ग के हथियार
तो यह अगला क़दम कैसे उठाया जाए? आज हर देश के मज़दूरों के सामने यही सवाल है। फ़्रांस के छात्रों ने अपनी आम सभाओं के माध्यम से इसे उठाना शुरू कर दिया है। लेकिन इतिहास ने इसका उत्तर पहले ही दे दिया है।
मई 1968 में छात्र विद्रोह इसलिए ऐतिहासिक घटना बना क्योंकि उसके बाद मज़दूर वर्ग भी संघर्ष में उतर आया। लगभग 90 लाख मज़दूर हड़ताल पर चले गए। अगस्त 1980 में पोलैंड के ग्दांस्क शिपयार्ड से शुरू हुई हड़ताल कुछ ही हफ़्तों में पूरे देश में फैल गई। हड़ताली मज़दूरों ने कई उद्यमों को जोड़ने वाली संयुक्त हड़ताल समितियाँ बनाई थीं, जिनमें चुने हुए और किसी भी समय वापस बुलाए जा सकने वाले प्रतिनिधि थे। 2006 में फ़्रांस की सरकार को तथाकथित "फ़र्स्ट जॉब कॉन्ट्रैक्ट" वापस लेना पड़ा, क्योंकि मज़दूरों के लिए खुली छात्र आम सभाएँ कंपनियों तक संघर्ष फैलाने का वास्तविक ख़तरा बन गई थीं।
इन अनुभवों से रास्ता साफ़ दिखाई देता है। किसी भी आंदोलन की कुंजी है संघर्ष को जितनी जल्दी और जितने व्यापक पैमाने पर संभव हो, उतने अधिक क्षेत्रों तक फैलाना। इसलिए संघर्ष को आगे बढ़ाने के लिए हमें चाहिए:
- सभी के लिए खुली आम सभाएँ, जिनमें मज़दूर, बेरोज़गार, पेंशनभोगी, सार्वजनिक और निजी क्षेत्र के कर्मचारी शामिल हों; जो स्वयं निर्णय लें और ऐसे प्रतिनिधि चुनें जिन्हें किसी भी समय वापस बुलाया जा सके;
- सभी शोषितों की साझा माँगें: नौकरी की असुरक्षा, ग़रीबी वाली मज़दूरी, छँटनियों और युद्ध के बजटों के ख़िलाफ़;
- कार्यस्थलों तक जाने वाले बड़े प्रतिनिधिमंडल, जो दूसरे मज़दूरों को संघर्ष में शामिल होने के लिए प्रेरित कर सकें।
बुर्जुआ वर्ग के जाल
शासक वर्ग ने 1968, 1980 और 2006 के संघर्षों से सबक सीख लिया है। वह जानता है कि वास्तविक ख़तरा आम सभाओं और उनके फैलाव में छिपा है। इसलिए उसने उन्हें दबाने के लिए अपने पूरे दमनकारी तंत्र को झोंक दिया है।
सबसे पहले, अंधाधुंध और बर्बर दमन! हर जगह! फ़्रांस, स्पेन, इटली, जर्मनी, कनाडा... फ़्रांस में एक 15 वर्षीय छात्र का हाथ एक ग्रेनेड से उड़ गया; एक 16 वर्षीय छात्र ने अपनी एक आँख खो दी। हज़ारों युवाओं को, जिनमें ज़्यादातर नाबालिग थे, हिरासत में लिया गया, आँसू गैस से निशाना बनाया गया और लाठियों से पीटा गया। उसी दौरान टीवी स्क्रीन पर जलते कूड़ेदानों और लूटपाट की तस्वीरें लगातार चलाई जाती रहीं। आम सभाओं, पर्चों और मज़दूरों तक भेजे गए प्रतिनिधिमंडलों का ज़िक्र तक नहीं हुआ। मक़सद क्या था? दुनिया भर के मज़दूरों की नज़र में इस आंदोलन को महज़ एक दंगे की तरह पेश करना, मानो यह कोई "फ़्रांसीसी अपवाद" हो। और उस चीज़ को छिपाना जिसने इसे ताक़त दी: आत्म-संगठन, वर्गीय एकजुटता और संघर्ष को फैलाने की इच्छा।
ट्रेड यूनियनों ने भी अपना काम किया। टेलीविज़न पर उन्होंने "आम हड़ताल" की बातें कीं। लेकिन ज़मीन पर न उन्होंने हड़तालों का आह्वान किया और न आम सभाओं का। आंदोलन शुरू होने के कई हफ़्तों बाद उन्होंने कार्रवाई के ऐसे दिन तय किए जिनमें हर कोई अपने सेक्टर और अपनी यूनियन के झंडे के पीछे चलता रहा; बिना किसी वास्तविक बहस के, बिना संघर्ष पर सामूहिक नियंत्रण के। स्पेन में एयरबस मज़दूरों के संघर्ष को फैलने से रोकने के बाद यूनियनों ने शिक्षा क्षेत्र के संघर्ष को भी अलग-थलग कर दिया और फिर एक दिन की आम हड़ताल का आह्वान कर दिया। यह एकता नहीं, बल्कि उसका उलटा है।
और हर जगह बुर्जुआ वर्ग हमें यही समझाने की कोशिश करता है कि चुनाव हमारी समस्याओं का समाधान हैं। फ़्रांस में राष्ट्रपति चुनाव नज़दीक आते ही वामपंथ युवाओं का रक्षक बनकर सामने आ रहा है। स्पेन में सरकार ने आवास संकट पर बढ़ते ग़ुस्से को चुनावी रास्ते में मोड़ने के लिए समय से पहले चुनाव घोषित कर दिए। संदेश हमेशा एक ही है: मतपेटी पर भरोसा करो!
आख़िरी जाल है युवाओं को बाकी वर्ग से अलग कर देना। मीडिया "पीढ़ीगत ग़ुस्से" की बात करता है, मानो बुज़ुर्ग पीढ़ियों ने युवाओं का भविष्य छीन लिया हो। लेकिन हक़ीक़त यह है कि माता-पिता अपने बच्चों के साथ सड़कों पर उतरे, और शिक्षकों ने अपने छात्रों को पुलिस से बचाने के लिए मानव श्रृंखलाएँ बनाईं। महँगाई, असुरक्षा और हमलों का शिकार पूरा मेहनतकश वर्ग है, चाहे वह युवा हो या बुज़ुर्ग।
क्या 20 नवंबर जैसे "युवा दिवस" भी संघर्ष को सिर्फ़ एक श्रेणी, यानी युवाओं, तक सीमित कर देने और उन्हें अपने वर्ग के बाकी हिस्से से अलग करने का ख़तरा पैदा नहीं करते? युद्ध का विरोध करना बिल्कुल सही है। लेकिन उसके ख़िलाफ़ खड़े होने की ताक़त केवल पूरी दुनिया के मज़दूर वर्ग के संयुक्त संघर्ष में ही है। इसलिए हमें ऐसे आयोजनों में भाग लेकर उन्हें आंदोलन को व्यापक बनाने का माध्यम बनाना चाहिए, मज़दूरों को संघर्ष में शामिल होने का आह्वान करना चाहिए और आम सभाओं में मिलकर निर्णय लेने चाहिए।
आने वाले संघर्षों की तैयारी के लिए एकजुट हों
इस व्यवस्था के भीतर भविष्य का मतलब है और ज़्यादा युद्ध, और ज़्यादा ग़रीबी, और प्रकृति का और ज़्यादा विनाश। लेकिन इसका मतलब यह भी है कि जीवन और काम की परिस्थितियों पर लगातार बढ़ते हमलों के ख़िलाफ़ संघर्ष भी बढ़ेंगे।
आज हम नहीं जानते कि अगला बड़ा मज़दूर संघर्ष कहाँ और कब फूटेगा। लेकिन एक बात निश्चित है: आने वाले वर्ष कहीं अधिक व्यापक और कहीं अधिक गहरे आंदोलनों के गवाह बनेंगे।
मज़दूर वर्ग की गहराइयों में कुछ हलचल शुरू हो चुकी है। दुनिया भर में उभरते संघर्षों की व्यापकता, फ़्रांस की आम सभाओं की जीवंतता, बैनरों पर लिखे नारों और चर्चाओं में व्यक्त हो रहे विचारों में इसकी झलक दिखाई देती है। आम सभाएँ अपने प्रारम्भिक रूप में ही यह दिखाती हैं कि एक दूसरा समाज संभव है। उन्होंने प्रतिस्पर्धा और मुनाफ़े के तर्क को अस्वीकार किया है। उन्होंने क्षेत्रों के बीच, पीढ़ियों के बीच, बेरोज़गारों, बिना काग़ज़ात वाले प्रवासियों और बेघरों के साथ एकजुटता को आगे बढ़ाया है। वैश्विक स्तर पर जुड़ी हुई ऐसी सभाएँ एक दिन वे मंच बन सकती हैं जहाँ मज़दूर वर्ग अपने भविष्य पर बहस करे और उसके बारे में निर्णय ले।
इसलिए, ताकि यह आंदोलन भुला न दिया जाए; ताकि हम इससे मिलने वाले सबक सीख सकें; ताकि अपनी ताक़तों और कमज़ोरियों को समझ सकें; और ताकि हम आपस में जुड़े रहें, आइए अभी से चर्चा समूहों में संगठित हों, बहस करें, विचार-विमर्श करें और आने वाले संघर्षों के लिए खुद को तैयार करें।
भविष्य वर्ग संघर्ष का है!
अंतर्राष्ट्रीय कम्युनिस्ट धारा
मिलकर चर्चा करें!
हम उन सभी लोगों को आमंत्रित करते हैं जो इस पर्चे में रखे गए विचारों पर चर्चा करना चाहते हैं, उन पर गंभीरता से विचार करना चाहते हैं और उन्हें व्यापक रूप से फैलाना चाहते हैं।
हम आपको हमारी वेबसाइट देखने और हमें लिखने के लिए भी आमंत्रित करते हैं।
ईमेल: [email protected]
डाक पता: BM Box 869, London WC1 3NN, UK
हम कई देशों और विभिन्न भाषाओं में ऑनलाइन तथा प्रत्यक्ष सार्वजनिक बैठकों का आयोजन भी करते हैं।
अंग्रेज़ी में अगली सार्वजनिक बैठक, जिसका विषय वर्तमान सामाजिक आंदोलन होंगे, 12-13 दिसंबर के सप्ताहांत में आयोजित की जाएगी। अधिक जानकारी और भागीदारी के लिए हमें ईमेल करें।
14 नवम्बर 2026
अनुवाद का स्रोत: https://en.internationalism.org/content/17879/paris-berlin-liege-turin-new-generation-workers-rejecting-poverty-and-war